गौरव द्विवेदी बने मुख्यमंत्री के सचिव, पुलिस अधिकारियों के भी प्रभार बदले

छत्तीसगढ़

रायपुर। मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण होते ही मुख्यमंत्री सचिवालय से प्रशासनिक फेरबदल की शुरूआत हो गई। वहीं कुछ वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यभार में भी बदलाव किया गया है।

मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने बदलाव की शुरूआत करते हुए तीन अफसरों को नया प्रभार सौंपा है। मुख्यमंत्री के सचिव आइएएस गौरव द्विवेदी नियुक्त किए गए हैं।

गौरव फिलहाल राज्य में शिक्षा विभाग के सचिव हैं। इससे पहले वे लंबे समय तक केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर थे। बस्तर के कमिश्नर टामन सिंह सोनवानी को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव बनाया गया है।

मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रवीण शुक्ला बनाए गए हैं। शुक्ला फिल्हाल सीएसआइडीसी दुर्ग में पदस्थ हैं। वहीं दूसरी ओर संस्कृति विभाग के संचालक तारण प्रकाश सिन्हा को जनसंपर्क विभाग का संचालक के साथ ही सीएम का उप सचिव बनाया गया है।

अवस्थी को नक्सल के साथ ईओडब्ल्यू और एसीबी का भी चार्ज

भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनते ही पुलिस और प्रशासन में तबादलों की शुरूआत हो गई है। पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए मुख्यमंत्री ने नक्सल ऑपरेशन के विशेष डीजी डीएम अवस्थी को ईओडब्ल्यू और एसीबी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

सरकार ने अवस्थी का कद बढ़ा दिया है जबकि ईओडब्ल्यू और एसीबी के डीजी रहे मुकेश गुप्ता को विशेष डीजी पुलिस मुख्यालय पदस्थ कर दिया गया है। अवस्थी के पास पहले से एसआईबी और पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन का चार्ज है जो उनके पास बना रहेगा।

प्रशिक्षण के साथ छसबल, एसटीएफ और प्रशासन का काम देख रहे डीजी संजय पिल्ले को गुप्तवार्ता का प्रभार दिया गया है। एडीजी अशोक जुनेजा से गुप्तवार्ता का प्रभार लेकर उन्हें संजय पिल्ले के सभी विभाग यानी छसबल, एसटीएफ, प्रशिक्षण और प्रशासन का दायित्व सौंपा गया है।

 

Back to Top