लीबिया तट पर नाव डूबने से100 से ज्यादा के मरने की आशंका,5 शव बरामद

विदेश

रोम। लीबिया तट पर नाव डूबने से 5 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोगों के डूबने की खबर है। लीबिया के सहायता संगठन ने ये जानकारी दी है। इस क्षेत्र में कार्य कर रहे एक ग्रुप प्रोएक्टिव ओपेन आम्र्स ने बताया कि कल तडक़े एक नाव के डूबने के बाद एक अन्य नाव को डूबते देखा गया था। हमने पांच शवों को बाहर निकाला है। प्रोएक्टिव की प्रवक्ता लौरा लानुजा ने कहा कि नाव के आकार से पता चलता है कि इसमें 100 से ज्यादा लोग सवार होंगे। राहत और बचाव कार्य में शामिल इटली के तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने पांच शवों के बरामद होने की पुष्टि करते हुए कहा कि शवों को प्रोएक्टिव ग्रुप के जहाज गोल्फो अज्जुरो पर रखा गया है और यह जहाज किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यहीं तैनात रहेगा। यूरोपीय संघ और तुर्की के बीच एक समझौते के बाद ग्रीस जाने जाने वाले रास्ते को बंद करने के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी अब भूमध्यसागर के रास्ते इस ओर आते हैं। प्रवास के लिए अंतरराष्ट्रीय संगठन के अनुसार इस वर्ष अब तक भूमध्यसागर पार करने की कोशिश में 559 प्रवासी की मौत हो चुकी है वहीं गत वर्ष कुल 5000 प्रवासियों को इसी प्रयास में अपनी जान गंवानी पड़ी थी।

Back to Top