बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी, 300 से ज्यादा सड़के बंद

उत्तराखंड

देहरादून: पहाड़ों पर वर्षा के बीच उत्तराखंड में भूस्खलन का सितम देखने को मिल रहा है। बिगड़े मौसम से निरंतर कई जगह भूस्खलन हो रही है। हाल ही सामने आई जानकारी के अनुसार, आज (25 जुलाई) बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की घटना सामने आई। सड़क पर मलबे के चलते रास्ता बंद एवं यातायात प्रभावित है।

चमोली पुलिस के अनुसार, बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदप्रयाग एवं पुरसारी के पास सड़क मलबे की वजह से रास्ता बंद है। चमोली पुलिस ने इस क्षेत्र का एक वीडियो भी शेयर किया। बता दें कि बारिश से जगह-जगह भूस्खलन देखने को मिल रही है। लंबे-लंबे चीड़ के पेड़ दरकते पहाड़ के साथ नीचे जा रहे हैं। पेड़ों के साथ भूस्खलन का पूरा मलबा नीचे बह रही नदी में गिर रहा है। इस कारण सड़क ही नहीं, नदी की धारा में भी रुकावट आ रही है। यमुनोत्री नेशनल हाइवे पहाड़ी से गिर रहे मलबे की वजह से बीते 4 दिनों से बंद पड़ा है, जिसे अभी तक खोला नहीं जा सका है। निरंतर हो रही वर्षा की वजह से उत्तराखंड में 300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं, जिनको खोलने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग में पीएमजीएसवाई को तैनात किया हुआ है। रास्ते खोले तो जा रहे हैं मगर बारिश की वजह से फिर से बंद हो रहे हैं जिसके कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है।

वही इससे पहले डाबरकोट की पहाड़ियों से गिर रहे पत्थरों की दिलदहला देने वाली तस्वीर सामने आई थी। पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों का प्रभाव तीर्थ यात्रियों पर भी पड़ रहा है। तीर्थ यात्रियों के वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। बीते दिनों पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक पुलिस कर्मी की मौत हो चुकी है। वही बात यदि ताजा मौसम की करें तो यहां अभी भी बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तराखंड के अधिकतर क्षेत्रों में अगले पांच दिन तक भारी वर्षा का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, चमोली में आज और कल (25-26 जुलाई) आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश होगी। हालांकि, इसके बाद भी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। IMD के अनुसार, उत्तराखंड के सभी क्षेत्रों में 30 जुलाई तक आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा कुछ जगहों पर भारी बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

Back to Top