दिग्गी राजा का प्रधानमंत्री मोदी पर तंज, साध्वी प्रज्ञा को लेकर उठाए सवाल

मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद से लड़ने की प्रतिबद्धता जाहिर करते हैं, दूसरी ओर उनके अपने ही दल में आतंकवाद के आरोपों से घिरे व्यक्ति को सांसद बना दिया जाता है।

दिग्विजय ने किया ट्वीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिग्विजय ने बिना किसी का नाम लिए ट्वीट में पूछा- प्रधानमंत्री मोदी को इस बात का अहसास है कि उनके अपने ही दल में आतंकवाद के आरोपी एक सांसद की मौजूदगी उनकी इस प्रतिबद्धता की नैतिकता को कमतर कर रही है। दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया कि क्या इससे हमारे राष्ट्रीय हितों को नुकसान नहीं पहुंच रहा। दिग्विजय के ट्वीट में के बाद समझा जा रहा है कि उन्होंने भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के संदर्भ में ये बात कही है। सिंह को लोकसभा चुनाव में प्रज्ञा ठाकुर से करीब साढ़े तीन लाख से भी ज्यादा मतों से हार का सामना करना पड़ा था।

प्रदेश सरकार के छह महीने पूरे होने पर नेता प्रतिपक्ष ने साधा निशाना
इसी के साथ नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने प्रदेश सरकार के छह महीने पूरे होने पर सरकार पर हमला बोला। कहा- इन छह महीनों में सरकार के पास मनमाने आदेश जारी करने और उन पर यू टर्न लेने की अपार उपलब्धियां हैं। भार्गव ने ट्वीट में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने 165 दिनों में 450 से अधिक आईएएस, आईपीएस और छोटे-मोटे अधिकारी के लगभग 15 हजार ट्रांसफर करने की उपलब्धि हासिल की है। ये उपलब्धि देश की किसी भी राज्य सरकार ने आज तक हासिल नहीं की है।

Back to Top