रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धूमधाम के साथ मनाया गौठान दिवस

छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर आज गोवर्धन तिहार और गौठान दिवस धूमधाम के साथ उत्साह पूर्वक मनाया गया, जिसमें पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में आए लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री निवास में पहली बार मनाये गए गोवर्धन तिहार और गौठान दिवस पर राउत नाचा दलों ने आकर्षक धुनो के साथ परंपरागत राउत नाच प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री बघेल ने पारंपरिक वेशभूषा में धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल के साथ गोवर्धन की पूजा अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा स्थल को ग्रामीण क्षेत्रों के घरों में गाय की सार के रूप में सजाया गया था। सार की छत में छिंद की पत्तियों से छाया की गई थी और सार को गोबर से लीप के सुंदर रंगोली बनाई गई थी। मुख्यमंत्री ने यहां सार में गायों को खिचड़ी खिलाई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप राउत और केवट समाज सहित अन्य समाजों के प्रतिनिधियों ने दिवारी और गोवर्धन पूजा की रस्म अदा की।

मुख्यमंत्री ने लोगों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की बधाई और शुभकामनाएं देते हुये कहा कि गोवर्धन पूजा के दिन गायों को खिचड़ी खिलाने की परंपरा के अनुरूप ही हम सभी को साल के 365 दिन गायों के लिये छाया, चारा और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। राज्य सरकार ने सुराजी गांव योजना के तहत इस साल प्रदेश में 1800 गौठान बनाये हैं,सभी के सहयोग से इस साल इससे दो गुने गौठान बनाना है ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का साथ ही फसलों की रक्षा हो सके। पशुपालन को अर्थव्यवस्था से जोड़ने, लोगों को रोजगार दिलाने और जैविक खेती को बढ़वा देने के प्रयास किये जा रहे हैं। इसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।

 

Back to Top