भाजपा के समर्पण निधि अभियान के तहत सीएम योगी ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा चेक

देश


प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भाजपा के समर्पण निधि अभियान के तहत अपने एक माह के वेतन का चेक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय को सौंपा। यह चेक 2.51 लाख रुपये का था। इस अवसर पर लोकसभा चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल और सह प्रभारी गोवर्धन झड़फिया भी मौजूद रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएम योगी ने पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिलकर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभागार व कक्षों का उद्घाटन भी किया। भाजपा के समर्पण निधि अभियान के तहत सभी मंत्री, सांसद, विधायक, आयोगों व निगमों के अध्यक्ष समेत सभी जनप्रतिनिधि पार्टी कोष में धनराशि जमा कराएंगे। अभियान 17 मार्च तक चलेगा।

बता दें इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुसलमानों के पवित्र महीने रमजान को लेकर लोकसभा चुनाव की तारीखें बदलने संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस सहित विपक्ष पर बरस पड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके गठबंधन साथी रमजान मनाएं। उन्हें रोंका किसने है? योगी ने आगे कहा कि समय पर चुनाव करवाना चुनाव आयोग का काम है। पर्व और त्योहारों को सियासी बनाना ठीक नहीं। ये कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों की संकीर्ण मानसिकता को दिखाता है।

Back to Top