बिहार में RJD और कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम modi

देश

लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में अब केवल 3 दिन ही शेष रह गए हैं, 17 अप्रैल शाम से प्रथम चरण का प्रचार थम जाएगा। ऐसे में तमाम पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हुईं हैं। इसी क्रम में आज मंगलवार (16 अप्रैल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के गया पहुंचे हैं। यहाँ प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने बिहार की धरती को नमन करते हुए कहा कि, ये वो धरती है जिसने मगध का ऐश्वर्य देखा है, जिसने बिहार का वैभव देखा है। संयोग से आज जब मैं गया जी आया हूं, तो नवरात्रि भी है और आज ही सम्राट अशोक की जयंती भी है। सदियों बाद आज एक बार फिर भारत और बिहार अपने उस प्राचीन गौरव को लौटाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।   

पीएम मोदी ने कहा कि, ये चुनाव विकसित भारत, विकसित बिहार के उसी संकल्प का चुनाव है। गया की धरती पर उमड़ा ये जनसैलाब, ये अपार जनसमर्थन साफ बता रहा है - फिर एक बार मोदी सरकार। अभी 2 दिन पहले BJP ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। ऐसा पहली बार है, जब किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है। क्योंकि 10 वर्षों में सबने देखा है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी। पीएम मोदी ने कहा कि आपके आशीर्वाद से मुझे सेवा करने का अवसर मिला है। मोदी को देश के संविधान ने ये पद दिया है। डॉ. राजेंद्र बाबू और बाबा साहेब अंबेडकर का दिया हुआ ये संविधान न होता, तो कभी ऐसे पिछड़े परिवार में पैदा हुआ गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था।

उन्होंने कहा कि, हमारा देश विविधताओं से भरा हुआ है। हर प्रकार की मत-मान्यता और पथ सम्प्रदाय वाला देश है। ऐसे में देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए, नियमों के अंतर्गत आगे बढाने के लिए एक ही पवित्र व्यवस्था हमारा संविधान है। संविधान निर्माताओं का सपना था कि भारत समृद्ध बने। लेकिन दशकों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने मौका गंवा दिया, देश का समय गंवा दिया। प्रधानमंत्री ने जनता के सामने आंकड़े रखते हुए कहा कि, 25 करोड़ देशवासियों को आपके इस सेवक ने गरीबी से बाहर निकाला है। दशकों तक गरीबों को रोटी, मकान के सपनें दिखाए कांग्रेस और उनके साथियों ने। लेकिन, 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिए NDA सरकार ने। दलित, वंचित और पिछड़ों के नाम पर कांग्रेस और राजद ने सिर्फ अपना राजनीतिक स्वार्थ साधा। दलितों वंचितों और पिछड़ों को अधिकार और सम्मानपूर्ण जीवन NDA ने दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि, अब अगले 5 वर्षों के लिए मोदी का गारंटी कार्ड अपडेट हो गया है। गरीबों के लिए 3 करोड़ पक्के घर बनाए जाएंगे, ये मोदी की गारंटी है। गरीबों को अगले 5 साल तक मुफ्त राशन मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है। 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है। किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी, ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि, बीते 10 साल में देश में एक ऐसी क्रांति आई है, जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती। ये क्रांति देश के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा की गई है। पिछले 10 साल में 10 करोड़ महिलाएं SHGs से जुड़ी हैं, बिहार में ही सवा करोड़ बहनें इन समूहों से जुड़ी हैं। 

पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, जब कांग्रेस की सरकार थी, तो महिला स्वयं सहायता समूहों को 150 करोड़ रुपये से भी कम मदद दी जाती थी। NDA सरकार के 10 साल में इन्हीं महिला समूहों को 40 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा दिए गए हैं। बिहार के लोग जानते हैं कि ये चुनाव दल का नहीं, देश का चुनाव है। आज एक ओर देश की संस्कृति और गर्व करने वाले हम लोग हैं और दूसरी ओर हमारी आस्था को नीचा दिखाने वाले लोग हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि, कल रामनवमी का पावन पर्व है। सूर्य की किरणें कल अयोध्या में रामलला के मस्तक का विशेष अभिषेक करेंगी। लेकिन, घमंडिया गठबंधन के लोगों को राम मंदिर से भी परेशानी है। जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वो आज राम मंदिर पर कैसी-कैसी भाषाएं बोल रहे हैं एक समुदाय के तुष्टिकरण के लिए इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तक का बहिष्कार कर दिया। 

राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस के युवराज तो खुलेआम कहते हैं कि, वो हिन्दू धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे। इनके दूसरे साथी हमारे सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया कहते हैं। घमंडिया अलायंस के पास न कोई विजन है, न कोई विश्वास है। ये लोग जब वोट मांगने जाते हैं, तो भी नीतीश जी के कामों पर वोट मांगते हैं। ये लोग क्यों नीतीश जी और केंद्र सरकार के कामों का क्रेडिट खाते हैं, वो पूरा बिहार जानता है। प्रधानमंत्री ने लालू यादव की पार्टी RJD पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा कि RJD ने भी इतने वर्षों तक बिहार पर राज किया है। लेकिन इनकी हिम्मत नहीं है कि अपनी सरकारों ने क्या काम किए, उसकी चर्चा कर लें। बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा राजद है। बिहार में भ्रष्टाचार का दूसरा नाम राजद है। बिहार की बर्बादी की सबसे बड़ी गुनाहगार राजद है। RJD के कार्यकाल में चारा चोरी किया गया, गरीबों को लूटा गया। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि, RJD ने बिहार को केवल दो ही चीजें दी हैं- जंगलराज, और भ्रष्टाचार! इन्हीं का दौर था, जब बिहार में अपहरण और फिरौती एक उद्योग बन गया था। हमारी बहन-बेटियां घर से बाहर नहीं निकल पाती थी, हमारे गया जैसे इलाके नक्सली हिंसा की आग में जलते रहते थे। RJD ने बिहार के कितने ही परिवारों को बिहार छोड़कर जाने पर मजबूर कर दिया था। ये लोग तो जानवरों का चारा तक खा गए।  

Back to Top