मोदी-शाह की पूजा करने लगे हैं शिवराज सिंह चौहान..

मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और भाजपा के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने पर कहा है कि अब वे पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पूजा करने लगे हैं। चौहान ने रविवार को आज़ाद देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को अपराधी करार दिया था, अब उस बयान पर सोमवार को चौहान ने स्पष्टीकरण दिया है।

नेहरू की गलती को पीएम मोदी ने सुधारा
शिवराज सिंह ने कहा कि, जो कहा था वह तथ्यों पर आधारित था, पूरी जिम्मेदारी से कहा था, जम्मू-कश्मीर पर नेहरू जी द्वारा जो गलती की गई थी, उसे पीएम मोदी ने सुधारा है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, नेहरू जी ने भारत के कानून मंत्री की बात नही सुनी। शेख अब्दुल्ला से नेहरू जी को क्या ख़ास प्रेम था यह तो नेहरू जी जाने। धारा 370 ने कश्मीर को भारत से एक नहीं होने दिया। यह भारत का आंतरिक मसला था, उसे नेहरू जी ने संयुक्त राष्ट्र का मसला बना दिया। आज एक तिहाई कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं है तो उसके लिए नेहरू जी जिम्मेदार थे।

पीएम मोदी ने ऐतिहासिक कार्य किया है..
चौहान ने आगे कहा कि, हमारे लिए देश जमीन का टुकड़ा नही, एक जीता जागता राष्ट्र पुरुष है, भारत हमारी माता है। पीएम मोदी ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक कार्य किया है, नेहरू जी की गलती को सुधारा है। पहले मैं मोदी जी और अमित शाह को अपना नेता मानता था, श्रद्धा की नज़र से देखता था, लेकिन इस कदम की वजह से मैं उनकी पूजा करता हूं।

Back to Top