साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का एक और विवादित बयान सामने, स्वच्छ भारत अभियान को लेकर कही ये बात...

मध्यप्रदेश

अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चाओं में बनी रहने वाली भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का एक और विवादित बयान सामने आया है। इस बार उन्होंने पीएम मोदी के महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत अभियान को लेकर एक आपत्तिजनक बयान दिया है। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने सफाई कराने के प्रश्न पर उत्तर देते हुए कहा है कि हम नाली और शौचालय साफ करवाने के लिए नही बने हैं।

सफाई को बढ़ावा देने के हरसंभव प्रयत्न
उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी देश भर में आवाम को स्वच्छ भारत अभियान के लिए निरंतर प्रेरित करते रहते हैं। वहीं, उनकी ही पार्टी की सांसद का यह बयान इस अभियान में कालिख पोतता दिखाई दे रहा है। पीएम मोदी स्वच्छ भारत अभियान के तहत हर घर में शौचालय सहित सफाई को बढ़ावा देने के हरसंभव प्रयत्न करते हैं।

साध्वी ने मांगी थी माफी
बता दें कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को देशभक्त करार दिया था। उनके इस बयान की भी कड़ी निंदा की गई थी और पीएम मोदी ने तो यहां तक कह दिया था कि साध्वी ने हालांकि इस पर माफी मांग ली है, किन्तु वह उन्हें मन से माफ नहीं कर पाएंगे।

Back to Top