दुर्ग के दर्दनाक हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख,15 की मौत

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में हुए भीषण बस हादसे पर पीएम मोदी ने गहरा दुख प्रकट किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उधर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने हादसे को लेकर अपडेट दिया है कि घायलों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की बात कही जा रही है। हालांकि शुरुआत में आधिकारिक तौर पर 11 लोगों की मृत्यु बताई गई थी।

पीएम मोदी ने हादसे को लेकर ट्वीट किया कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बस दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हर संभव मदद करने में लगा हुआ है।इससे पहले सीएम साय ने भी बस हादसे को लेकर दुख जताया था और बताया था कि हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है और प्रशासन घायल हुए लोगों की देखरेख में जुटा हुआ है।

केडिया डिस्टलरी कंपनी ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, एक सदस्य को नौकरी और घायलों का पूरा खर्च उठाने की बात कही है। सभी घायलों को एम्स, एपेक्स ओम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस में कुल 40 लोग सवार थे। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा है कि जो भी इस मामले में दोषी होंगे, उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई होगी।

 

पुलिस के मुताबिक हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। सभी एक निजी कंपनी के कर्मचारी थे। जिस बस में वे यात्रा कर रहे थे वह मंगलवार रात छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ‘मुरुम‘ मिट्टी की खदान के गड्ढे में गिर गई। जानकारी के अनुसार बस 30 से अधिक लोगों को लेकर जा रही इसी दौरान बस सड़क से फिसलकर 40 फीट गहरी ‘मुरुम‘ खदान में गिर गई। शुरुआत में दुर्घटना में 11 लोगों की मौत की सूचना मिली थी। बाद में अस्पताल में चार और लोगों की मौत हो गई।

Back to Top