निर्दलीय विधायकों और छोटी पार्टियों से अपील है कि, जल्द से जल्द भाजपा का सहयोग करें : बीजेपी नेता

मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायकों और छोटी पार्टियों से नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गोपाल भार्गव ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का आग्रह किया है। भार्गव ने कहा कि निर्दलीय विधायकों और छोटी पार्टियों से अपील है कि जल्द से जल्द भाजपा का सहयोग करें और हमारे साथ आ जाएं।

भाजपा ने प्रदेश में 15 सालों तक चलाई सरकार
भार्गव ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में 15 सालों तक अच्छी सरकार चलाई है। आगे भी अच्छी सरकार देंगे। यदि समर्थन देने वाले भाजपा को सही समझते हों तो हमारे साथ आएं। हम काम करने वाले और नतीजे देने वाले लोग हैं। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कांग्रेस में मचे घमासान को उनका आंतरिक मामला करार दिया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस पार्टी एक म्यूजियम बन गई है। कांग्रेस में अजीब-अजीब किस्म के लोग हैं। यह वातावरण प्रशासनिक मशीनरी को प्रभावित कर रहा है। अधिकारी यह सोचकर बैठे हुए हैं कि हमें क्या करना है। यह संवैधानिक लड़ाई नही है। यह निजी स्वार्थ, भ्रष्टाचार, पैसे के बंटवारे की लड़ाई है।

प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी ठप्प
गोपाल भार्गव ने आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी ठप हो गई है। विकास के कार्य भी रुक गए हैं। भार्गव ने कहा कि कांग्रेस में कबीला संस्कृति है। वे लोग अगर बात मानेंगे तो केवल कबीले के सरदार की मानेंगे।

Back to Top