देश के 80 करोड़ लोगों को नवंबर तक मुफ्त अनाज देगी केंद्र सरकार

देश

पीएम नरेंद्र मोदी आज कोरोना महामारी के बीच देश को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पीएम मोदी ने कहा कि आज सरकार ने फैसला लिया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को अब दीपावली तक आगे बढ़ाया जाएगा। महामारी के इस समय में, सरकार गरीब की हर जरूरत के साथ, उसका साथी बनकर खड़ी है। यानि नवंबर तक 80 करोड़ से अधिक देशवासियों को, हर महीने तय मात्रा में मुफ्त अनाज उपलब्ध होगा।

इससे पहले पीएम मोदी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सभी राज्य सरकारों को मुफ्त में कोरोना वैक्सीन मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के लिए राज्य सरकारों को एक भी पैसा खर्च नहीं करना होगा। इसके साथ ही पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जो लोग भी वैक्सीन को लेकर आशंका पैदा कर रहे हैं, अफवाहें फैला रहे हैं, वो भोले-भाले भाई-बहनों के जीवन के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसी अफवाहों से सतर्क रहने की जरूरत है। अब तक देश के करोड़ों लोगों को मुफ्त वैक्सीन मिली है। अब 18 वर्ष की आयु के लोग भी इसमें जुड़ जाएंगे। सभी देशवासियों के लिए भारत सरकार ही मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करवाएगी।


इससे पहले अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि बीते सौ वर्षों में आई ये सबसे बड़ी महामारी है, त्रासदी है। इस तरह की महामारी आधुनिक विश्व ने न देखी थी, न अनुभव की थी। इतनी बड़ी वैश्विक महामारी से हमारा देश कई मोर्चों पर एक साथ लड़ा है। पीएम मोदी ने देश के वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे देश ने, वैज्ञानिकों ने ये दिखा दिया कि भारत बड़े-बड़े देशों से पीछे नही है। आज जब मैं आपसे बात कर रहा हूं तो देश में 23 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज़ दी जा चुकी है।

Back to Top