इंडिया गठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रहा है - प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश, देश

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इन दिनों भाई राहुल गांधी के समर्थन में जमकर रायबरेली में चुनावी प्रचार कर रही हैं। राहुल गांधी इस बार अमेठी के स्थान पर रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर पहले सोनिया गांधी चुनाव लड़ती थी, लेकिन वह अब राजस्थान से राज्य सभा सांसद बन चुकी है। उन्होंने लोकसभा चुनाव लडऩे से इंकार कर दिया था। प्रियंका गांधी ने गुरुवार को रायबरेली की सदर विधानसभा में लोधियारी, सकरा, अमावां, सिधौना और हरदासपुर में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। 

उन्होंने ट्वीट किया कि हर गांव, हर क्षेत्र, हर ब्लॉक, हर मौजा और हर विधानसभा की जनता में राहुल गांधी को लेकर जबरदस्त जोश और उत्साह है। इंडिया गठबंधन भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंन ट्वीट किया कि रायबरेली ने फैसला कर लिया है कि बहनों को सालाना 1 लाख रुपए के लिए, युवाओं को 30 लाख नौकरियों के लिए, एजुकेशन लोन, पेपरलीक से मुक्ति के लिए, कृषि कर्ज और जीएसटी से मुक्ति के लिए, लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए रायबरेली का एक-एक वोट कांग्रेस के लिए। 

वहीं प्रियंका गांधी ने गुरुवार को अमेठी में संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेठी से हमारा अत्यंत प्रगाढ़ पारिवारिक रिश्ता है जो सेवा, समर्पण, संघर्ष और शहादत की डोर से बंधा हुआ है। यह मेरे पिताजी की कर्मभूमि रही है, इसलिए मेरे लिए यह भूमि पवित्र एवं पूजनीय है। यह रिश्ता कभी नहीं टूटेगा।

Back to Top