प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक मामले पर अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला

देश

पंजाब में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक मामले पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उस समय जब पीएम मोदी की सुरक्षा सबसे अहम थी क्योंकि यह प्रोटोकॉल का मामला था। उस समय न मुख्यमंत्री मौजूद था, न मुख्य सचिव। न DGP थे और SSP भी नहीं थे। ऐसे में यह सवाल पैदा होता है कि आखिर कांग्रेस ने देश के सबसे लोकप्रिय नेता की सुरक्षा से खिलवाड़ क्यों किया? 

अनुराग ठाकुर ने पीएम मोदी की पंजाब दौरे के दौरान हुई सुरक्षा में चूक मसले पर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह चूक एक भयावह स्थिति भी पैदा कर सकती थी? आखिर किसके इशारे पर कांग्रेस ये सब कर रही थी। कांग्रेस तो एक ही परिवार (गांधी परिवार) के इशारे पर चलती है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जी बताएं कि किसके कहने पर पीएम की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया। चन्नी जी ने खुद ही बताया था कि मैं परिवार के किस व्यक्ति को रिपोर्ट कर रहा था। मीडिया अगर अपनी पुरानी क्लिप्स देखेगा, तो पता चल जाएगा कि एक फ्लाईओवर पर कैसे प्रधानमंत्री अकेले खड़े हुए थे।

अनुराग ठाकुर ने कहा है कि, आखिर यह कैसे हुआ कि DGP गायब हो, CM फोन पर न हो और प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ हो जाए। वह भी ऐसे इलाके में जब पीएम पाकिस्तान सीमा के बेहद नजदीक हों। राजनीति में आखिर कैसे इतना नीचे गिर गए। यह भी समझने की बात है कि आखिर अधिकारी किसके इशारे पर यह सब कर रहे थे।

Back to Top