पीएम मोदी ने कांग्रेस पर कसा तंज कहा - मैं आरक्षण के खिलाफ....

देश

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि खड़़गे जी ने 400 सीटों का आशीर्वाद दिया। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 सीटें बचा पाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में आरक्षण को लागू नहीं होने दिया। आर्टिकल 370 को निरस्त किया तब जाकर के इतने दशकों के पश्चात् ST-SC, OBC को वो अधिकार मिले जो देश के लोगों को वर्षों से मिले हुए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'एक बार नेहरू ने एक चिट्ठी मुख्यमंत्रियों को लिखी थी। इसमें उन्होंने लिखा था कि, मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता एवं खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं। मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं, जो अकुशलता को बढ़ावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाए। ये पंडित नेहरू की मुख्यमंत्रियों को लिखी चिट्ठी है। इसलिए मैं बोलता हूं कि कांग्रेस जन्मजात एससी-एसटी की विरोधी है।' 

 

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं सोचता हूं कि यदि बाबा साहब नहीं होते एसटी एससी को आरक्षण मिलता या नहीं मिलता इसपर मुझे संदेह है। युवा, नारी, गरीब और किसान... इन चार वर्गों के बारे में राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में जिक्र किया था। उन्होंने विकसित भारत के सपनों को साकार करने के लिए इन चार स्तंभों को मजबूत करने के लिए कहा था। यदि हमें 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो 20 सदी की नीति नहीं ऐसा कर सकती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस सदन में अंग्रेजों को याद किया गया। कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों से प्रभावित थी। स्वतंत्रता के पश्चात् भी देश में गुलामी की मानसिकता को किसने बढ़ावा दिया। यदि आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे तो उनके बनाए सिविल कोड को आपने क्यों नहीं बदला। आप उनसे प्रभावित नहीं थे तो ये लाल बत्ती व्यवस्था इतने वर्षों तक क्यों चली। शाम पांच बजे बजट की परंपरा क्यों चलाई हुई थी। यदि आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे तो आपने गुलामी की निशानियों को क्यों रहने दिया। हम आज सब को बदल रहे हैं। अंडमान और निकोबार पर आज भी अंग्रेजों की सत्ता के निशान क्यों लटके पड़े थे। 

 

 

पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। इस के चलते उन्होंने कहा, 'जिस कांग्रेस के अपने नेता की, अपनी नीति की गारंटी नहीं वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरे आम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था। जिस कांग्रेस ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को रातों रात बर्खास्त कर दिया था। जिस कांग्रेस ने लोकतंत्र की मर्यादाओं को जेल की सलाखों के पीछे बंद कर दिया। अखबारों पर ताला लगाने का प्रयास किया। देश को तोड़ने का नया शोक जिस कांग्रेस को पैदा हुआ। इतना तोड़ना कम नहीं था कि अब उत्तर-दक्षिण को तोड़ने का काम कर रही है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपको बंगाल से जो चैलेंज आया है कि कांग्रेस इस चुनाव में 40 सीट भी नहीं जीत सकेगी। मैं आपके लिए प्रार्थना करूंगा की 40 सीट आ जाएं।

Back to Top