कांग्रेस सत्ता में आई तो महिलाओं के लिए 50 फीसदी सरकारी नौकरियां आरक्षित - राहुल गांधी

देश

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने आज शुक्रवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो महिलाओं के लिए 50 फीसदी सरकारी नौकरियां आरक्षित करेंगी। यह कहते हुए कि शक्तिशाली महिलाएं देश की नियति बदल देंगी, राहुल गांधी ने पुछा कि आज भी तीन में से केवल एक महिला कार्यरत है और 10 सरकारी नौकरियों में केवल एक महिला क्यों है।

 

राहुल गांधी ने कहा कि "क्या भारत में महिलाओं की आबादी 50 प्रतिशत नहीं है? क्या उच्च माध्यमिक और उच्च शिक्षा में महिलाओं की उपस्थिति 50 प्रतिशत नहीं है? यदि हां, तो सिस्टम में उनकी हिस्सेदारी इतनी कम क्यों है। कांग्रेस चाहती है, 'आधी आबादी' 'पूरा हक', हम समझते हैं कि महिलाओं की क्षमता का पूरा उपयोग तभी होगा, जब देश चलाने वाली सरकार में महिलाओं का समान योगदान होगा।''

 

राहुल गांधी ने कहा, इसलिए, कांग्रेस ने फैसला किया है कि सभी नई सरकारी नौकरियों में आधी भर्ती महिलाओं के लिए आरक्षित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ''हम संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने के भी पक्ष में हैं।'' उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षित आय, भविष्य, स्थिरता और आत्मसम्मान वाली महिलाएं वास्तव में समाज की ताकत बनेंगी। वायनाड सांसद ने कहा, "50 फीसदी सरकारी पदों पर महिलाओं के होने से देश की हर महिला को ताकत मिलेगी और शक्तिशाली महिलाएं भारत की किस्मत बदल देंगी।"

Back to Top