ममता बनर्जी ने अमित शाह पर लगाया राज्य में हिंसा भड़काने का आरोप

देश

प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर राज्य में हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। ममता ने गुरुवार को कहा कि शाह हिंसा के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को फेसबुक पर प्रोपेगैंडा चलाने के लिए भी उकसा रहे हैं। 

हड़ताल भाजपा और माकपा की साजिश

जानकारी के मुताबिक उन्होंने कहा कि बंगाल में जूनियर डॉक्टर्स की हड़ताल भी भाजपा और माकपा की साजिश है। दोनों पार्टियां हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही हैं। इस बीच, शुक्रवार को उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट में भाजपा कार्यकर्ता सरस्वती दास को गोली मारने का मामला सामने आया। बंगाल भाजपा ने ट्वीट किया, ‘बशीरहाट में तृणमूल समर्थकों ने सरस्वती दास की गोली मारकर हत्या कर दी। बंगाल में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। यहां कोई भी सुरक्षित नहीं। ममता बनर्जी खुद राज्य की गृह मंत्री हैं।

ममता पहुंची अस्पताल

इसी के साथ ममता गुरुवार को डॉक्टर्स की हड़ताल के चलते सेठ सुखलाल करनानी मेमोरियल अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने हड़ताल के चलते तीन दिन बाधित हुईं मेडिकल सेवाओं का निरीक्षण किया। ममता ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में परेशानियां बढ़ाने के लिए बाहरी लोग दाखिल हुए हैं। भाजपा हड़ताल को सांप्रदायिक रंग देना चाहती है। मरीजों के अलावा अस्पताल परिसर में किसी को न रुकने दिया जाए। भाजपा नेता मुकुल रॉय ने आरोप लगाया है कि एक समुदाय के लोगों ने डॉक्टरों पर हमला किया। यह सभी तृणमूल से जुड़े हुए हैं।

Back to Top