मौसम ने करवट बदली, पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी

देश

देश के मौसम ने अचानक करवट बदली है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी है। वहीं, बीते 24 घंटे में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। इससे एक दिन के अंदर ही कई जगहों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में अगले 72 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। वहीं, बिहार में 14 और 15 दिसंबर को बारिश का अनुमान है।
सर्दी का प्रकोप धीरे-धीरे कई जगह पर दिखने लगा है। कहीं कोहरा तो कहीं दिन और रात के समय शीतलहर शुरू हो गई है। ऐसे इलाकों में सर्द हवाएं भी चलना चालू हो चुकी हैं। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र की तरफ से बताया गया कि अगले तीन घंटे में बारिश/गर्जना और बिजली चमक सकती है। वहीं गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, रामपुर और आसपास के जिले के लिए भी यही अनुमान जताया गया है।
देश की राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में शनिवार को हल्की बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे लुढ़क गया। हालांकि, बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई और यह सामान्य से छह डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 11.33 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 25.08 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Back to Top