प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को शिवराज सिंह चौहान ने बताया अपराधी..

मध्यप्रदेश

जम्मू कश्मीर से धारा 370 के समाप्त होने पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और भाजपा के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान ने भारत के प्रथम पीएम जवाहर लाल नेहरू को अपराधी कहा है। शनिवार (10 अगस्त) को ओडिशा के खोर्धा जिले में भाजपा सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में पहुंचे शिवराज ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि, जवाहर लाल नेहरू अपराधी थे, जब इंडियन आर्मी ने कश्मीर से कबाइलियों का पीछा कर रही थी तभी नेहरू ने सीजफायर की घोषणा कर दी। कुछ और दिन सीजफायर की घोषणा नहीं की जाती तो पूरा कश्मीर हमारा होता।

शिवराज सिंह चौहान ने गिनाईं नेहरू की गलतियां..
शिवराज सिंह चौहान यहीं नहीं रुके उन्होंने जवाहर लाल नेहरू की एक और गलती गिनाते हुए कहा कि, उनकी दूसरी गलती थी धारा 370, एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान ये देश के साथ महज नाइंसाफी नहीं थी बल्कि ये देश के साथ एक अपराध था। हालांकि बयान पर विवाद होने के बाद शिवराज ने सफाई देते हुए नपे तुले लहजे में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कहने में कोई संकोच नहीं है कश्मीर की समस्या के पंडित जवाहर लाल नेहरू ही जिम्मेदार थे।

धारा 370 पर समर्थन और विरोध में उठे स्वर
बता दें कि मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाली संविधान की धारा 370 और अनुच्छेद 35 A को हटाए जाने के बाद से इसके समर्थन और विरोध में स्वर उठ रहे हैं। कांग्रेस के भी कुछ युवा नेता सरकार के इस फैसले का समर्थन कर रहे हैं और दिग्गज नेता जैसे दिग्विजय सिंह, मल्लिकार्जुन खरगे इसका विरोध कर रहे हैं।

Back to Top