आज से पूरे मध्यप्रदेश के RTO कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
मध्यप्रदेश Apr 07, 2021
आज से भोपाल सहित पूरे मध्यप्रदेश के RTO कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। परिवहन विभाग मध्यप्रदेश के अधिकारियों, कर्मचारियों के संयुक्त संगठनों ने मंगलवार को मीटिंग में कई वर्षों से की जा रही मांग के पूरे नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इस बारे में परिवहन आयुक्त और शासन स्तर पर दिए गए अपनी जायज मांग को पूरा करने के लिए ज्ञापन सौंपा गया है।
अधिकारी, कर्मचारी संघ ने मीडिया को बताया कि कोरोना वायरस से 2020 और 2021 में विषम परिस्थिति होते हुए भी वित्तीय वर्ष का लक्ष्य पूरा किया गया है। इसके बाद भी अधिकारियों ने शासन के आदेश और परिवहन विभाग के अधिनियम और नियमों को नज़रअंदाज़ करते हुए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर आपराधिक मामले दर्ज करा दिए गए। जबकि शासन के आदेश है कि बगैर जांच के किसी भी लोकसेवक पर केस दर्ज नहीं किया जा सकता है। कर्मचारी संघ ने कहा कि परिवहन अधिकारियों द्वारा किए गए कार्य अर्ध न्यायिक प्रवृति के होते है, जिसके मद्देनज़र संरक्षण की मांग की गई थी, लेकिन उसपर भी कोई विचार नहीं किया गया।
कर्मचारियों ने बताया कि मौजूदा जिला परिवहन अधिकारी टीकमगढ़, रायसेन और रिटायर्ड उप परिवहन आयुक्त के खिलाफ अधिनियमों और शासन के आदेश की अवेहलना करते हुए FIR दर्ज की गई है। इसका परिवहन अधिकारी और कर्मचारी संघ विरोध करता है। यह हड़ताल का तात्कालीन कारण भी है।