प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर संविधान को लेकर साधा निशाना, जनता से की भारी संख्या में मतदान करने की अपील....

देश

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान को लेकर देश की जनता से अपील की है। उन्होंने देशवासियों से सोच-समझ कर, अपने विवेक का इस्तेमाल करते हुए भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है। 

प्रियंका गांधी ने इस संबंध में आज ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि प्रिय देशवासियों, यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। यह ऐतिहासिक बेरोजगारी, प्रचंड महंगाई, संस्थागत भ्रष्टाचार और आर्थिक संकट को हराने का चुनाव है। आपका एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। सोच-समझ कर, अपने विवेक का इस्तेमाल करते हुए भारी संख्या में मतदान करें। अपने और अपने बच्चों के भविष्य के लिए मतदान करें। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया। 

इससे पहले प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट के माध्यम से केन्द्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में ट्वीट किया कि महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और हमारे तमाम महापुरुषों ने आंदोलन किया ताकि जनता के अधिकार मजबूत हों। वे सोच भी नहीं सकते थे कि एक ऐसी सरकार आएगी जो उन्हीं को देशद्रोही कहते हुए, ये कहेगी कि हमें 400 सीट दे दो तो हम संविधान बदल देंगे। वे सोच भी नहीं सकते थे कि हमारी जनता को कमजोर करने की कोशिश ख़ुद सरकार करेगी।

गौरतलब है कि आज देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। पहले दो चरणों का मतदान हो चुका है। सातवें चरण का मतदान एक जून को होने के बाद चार जून का परिणाम आएगा। 

Back to Top