12वीं तक फ्री शिक्षा देगी कांग्रेस सरकार - प्रियंका गांधी

देश

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी का जमकर प्रचार कर रही हैं। प्रचार अभियान के दौरान उन्होंने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा है। अब उन्होंने पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में आज ट्वीट किया है। 

प्रियंका गांधी ने इस संबंध में आज ट्वीट किया कि एक बार फिर से नीट का पेपर लीक होने की खबरें आ रही हैं। देश के 24 लाख युवाओं के भविष्य के साथ फिर से खिलवाड़ हुआ। पिछले दस बरसों से करोड़ों होनहार युवाओं के साथ चल रहा यह सिलसिला बंद होने का नाम नहीं ले रहा है।

क्या देश के प्रधानमंत्री इस पर कुछ कहेंगे? युवाओं को बहलाने के लिए संसद में पेपर लीक के खिलाफ कानून पास हुआ था। वह कानून कहां है? लागू क्यों नहीं होता? 

इसीलिए बेरोजगारी और नौकरियों में भ्रष्टाचार इस चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा है। हमारे न्याय पत्र का संकल्प है कि पेपर लीक बंद होगा। भर्तियां कैलेंडर के हिसाब से निकलेंगी। खाली पद भरे जाएंगे। युवाओं के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ बंद होगा और हम ये करके दिखाएंगे।

वहीं प्रियंका गांधी ने इससे पहले ट्वीट किया था कि कांग्रेस की सरकार में किसी मां को अपने गहने बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 12वीं तक फ्री शिक्षा, सबको 25 लाख तक का मुफ्त इलाज और महिलाओं को सालाना एक लाख की मदद से बच्चों की पढ़ाई हो या बुजुर्गों की दवाई- सबकुछ आसान होगा। हाथ बदलेगा हालात।

Back to Top