'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान की पोस्टर गर्ल ने प्रियंका गांधी के सचिव पर लगाये रिश्वत के आरोप

उत्तर प्रदेश

 

कांग्रेस के 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान की पोस्टर गर्ल डॉ प्रियंका मौर्य ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के सचिव पर टिकट के लिए रिश्वत मांगने का इल्जाम लगाया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस में जमकर घपला चल रहा है। शुक्रवार को डॉ प्रियंका मौर्या ने एक ट्वीट करते हुए लिखा कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं, पर टिकट नहीं पा सकी क्योंकि मैं OBC थी और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को घूस नहीं दे सकी। उन्होंने यह भी लिखा कि 'मेरे पास सबूत के तौर पर वीडियो है जो कल चैनल पर दिखेगा।

 

प्रियंका मौर्य ने अपने ट्वीट में लिखा कि कांग्रेस में जातिवाद की वजह से ही MLA नरेश सैनी को पार्टी से इस्तीफा देना पड़ा। प्रियंका ने कांग्रेस पार्टी में धांधली चलने का आरोप लगाया है और कहा है कि इसके खिलाफ किसी में भी बोलने की हिम्मत नहीं है। प्रियंका मौर्य ने बताया कि रिश्वत नहीं देने पर सरोजनीनगर विधानसभा सीट से उन्हें टिकट नहीं दिया गया। प्रियंका ने कहा कि अभियान केवल एक धांधली थी लोग कहेंगे की टिकट नहीं मिला तो ऐसा कह रही हूं। 

 

कांग्रेस की पोस्टर गर्ल ने बताया कि हमें तो 2024 की तैयारी करने के लिए कहा जा रहा था। बता दें कि प्रियंका मौर्य कांग्रेस के अभियान 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' की महत्वपूर्ण किरदार रही थीं। पोस्टर में वे सबसे आगे नज़र आती हैं। इसके साथ ही कांग्रेस की तरफ से जारी महिला घोषणा पत्र में भी प्रियंका को पोस्टर गर्ल बनाया गया था। इसके बाद माना जा रहा था कि प्रियंका मौर्य को लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है लेकिन उनकी जगह कांग्रेस ने रुद्र दमन सिंह को टिकट दिया है।

Back to Top