सीएम गहलोत ने राज्य में कृषक साथी योजना लागू करने की घोषणा की

देश

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज बुधवार को विधानसभा में बजट पेश कर रहे हैं। मौजूदा कार्यकाल में गहलोत का ये तीसरा बजट है। इस बार पेपरलेस बजट पेश किया जा रहा है। विधायकों को भी ब्रीफकेस के साथ में टैब दिया गया है। ताकि वे हार्ड कॉपी के स्थान पर डिजिटल कॉपी का उपयोग कर सकें। गहलोत ने रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने आज राज्य में कृषक साथी योजना लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत कृषि पर्यवेक्षक के 1000 नए पद जल्द सृजित होंगे।

बजट में प्रदेश में नये औद्योगिक क्षेत्र खोलने की भी घोषणा की गई है। पहले चरण में 64 उपखण्डों में औद्योगिक क्षेत्र बनाये जाएंगे। वर्तमान में प्रदेश के कुल 147 उपखण्डों में औद्योगिक क्षेत्र नहीं है। वहीं अपने गृह जिले में भी गहलोत ने बड़ी घोषणा की है। यहां जोधपुर के मथानिया में मेगा फूड पार्क खोलने का ऐलान हुआ है। वहीं जोधपुर में किसान कॉम्पलेक्स भी बनाया जाएगा। इसके अलावा पाली और नागौर सहित शेष 5 जगह मिनी फूड पार्क शुरू होंगे।

किसानों के लिए बड़ी राहत देते हुए गहलोत ने 50 हजार किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराने का वादा किया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए जयपुर में 50 करोड़ की लागत से इंस्टीट्यूट ऑफ कॉर्डियालॉजी की स्थापना की जाएगी।

Back to Top