विधानसभा चुनावों में बेईमानी से जीती भाजपा - अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश

 लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने सपा को काफी वोट दिया, मगर बेईमानी से भाजपा को जिताया गया। उन्होंने कहा कि जनता आज भी विधानसभा चुनाव के नतीजों पर यकीन नहीं कर पा रही है। सपा जनता के लिए लड़ेगी, संघर्ष करेगी, फिर उसी प्रकार से खड़ी दिखाई देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान हम जो कहते थे कि भाजपा के लोग कानून और संविधान नहीं मानेंगे आज वही नज़र आने लगा है।  

 

सपा हेडक्वार्टर पर शनिवार को एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, जुल्म काफी बढ़ गया है। समाजवादी लोग नहीं खड़े हुए तो अन्याय और अत्याचार और बढ़ेगा। इस अन्याय के मुकाबले के लिए समाजवादियों को खड़ा होना ही पड़ेगा। अखिलेश ने कहा कि आज भी वही बुनियादी सवाल है। महंगाई निरंतर बढ़ रही है। बेरोजगारी पहले से अधिक है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के भाव लगातार बढ़ रहे हैं। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। 

 

 

 

भाजपा सरकार को सभी तरह के आंकड़ों को छुपाने का इल्जाम लगाते अखिलेश ने कहा कि अब तो करोना से हुई मौतों का आंकड़ा भी सामने आ चुका है। WHO ने भी कह दिया कि विश्व में सर्वाधिक कोरोना से मौत भारत में हुई है। हम लोगों ने कोरोना काल में हुई जिस प्रकार की मौतें देखी थी, अब उसका सच सामने आ रहा है। भाजपा सरकार की से स्वीकार नहीं कर रही है। मगर सच्चाई यह है कि WHO के आंकड़ों पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है।

Back to Top