दूसरे राज्यों में फंसे छग के साढ़े 64 हजार मजदूरों को मिल रही राहत

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार का दावा है कि लॉकडाउन के कारण विभिन्न राज्यों में फंसे राज्य के साढ़े 64 हजार मजदूरों को राहत और मदद पहुंचाई गई है। लगभग साढ़े छह हजार मजदूरों के खातों में 19 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा की गई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर देशव्यापी लॉकडाउन के चलते छत्तीसगढ़ के अन्य राज्यों में फंसे 64 हजार 416 श्रमिकों को भोजन, ठहरने और चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर उन्हें राहत पहुंचाई गई है। इनमें से जरूरतमंद छह हजार 556 श्रमिकों के खाते में तत्कालिक व्यवस्था के लिए लगभग 19 लाख 12 हजार रुपये भी जमा करवाया गया है।

जानकारी मिली है कि छत्तीसगढ़ के श्रमिक देश के 20 अन्य राज्यों एवं चार केंद्र शासित प्रदेशों में इस समय संकट की स्थिति में हैं।

आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूरी सरकार देश के अन्य राज्यों में श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों का दल गठित कर सतत् निगरानी कर ररही है। इसके लिए श्रम विभाग द्वारा राज्य स्तर सहित जिला स्तर पर भी हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से प्राप्त श्रमिकों की समस्याओं को पंजीबद्ध कर तत्काल समाधान किया जा रहा है। श्रम विभाग के सचिव सोनमणि बोरा अन्य प्रदेशों के स्थानीय प्रशासन से सतत् समन्वय कर श्रमिकों की समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान करने में लगे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 27 जिलों के श्रमिक 20 अन्य राज्यों एवं चार केंद्र शासित प्रदेशों में फंसे हैं। सबसे ज्यादा श्रमिक जम्मू में 15 हजार 855, महाराष्ट्र में 11 हजार 718, उत्तरप्रदेश में 10 हजार 365, तेलंगाना में सात हजार 927, गुजरात में पांच हजार 599, और मध्यप्रदेश में एक हजार 686 श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी मिली है।

इसी प्रकार हिमाचल में 1575, कर्नाटक में एक हजार 427, तमिलनाडु में एक हजार 404 तथा दिल्ली में एक हजार 228 श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी हेल्पलाइन सहित विभिन्न माध्यमों से मिली है।

Back to Top