ओडिशा से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे पीएम मोदी

देश

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और विधायक प्रदीप पुरोहित ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी लोकसभा चुनाव में ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। बहरहाल, प्रधानमंत्री ने मंगलवार को इस मुद्दे पर कहा था कि यह मीडिया की देन है, बावजूद इसके पुरोहित ने दावा किया है। भाजपा नेता ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ कोई भी प्रधानमंत्री के पुरी से चुनाव लड़ने से इनकार नहीं कर सकता है। प्रधानमंत्री की पुरी सीट से चुनाव लड़ने की 90 प्रतिशत संभावना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री ओडिशा के लोगों से प्रेम करते हैं और उनका पुरी से लगाव है। लिहाजा अगले चुनाव में वह इस सीट से लड़ सकते हैं।’’ पुरोहित ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2014 का लोकसभा चुनाव वाराणसी से लड़ा था। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से वह इस बार पुरी का चयन चुनाव लड़ने के लिए कर सकते हैं। इस पर पार्टी का संसदीय बोर्ड अंतिम फैसला करेगा। ओडिशा भाजपा के उपाध्यक्ष समीर मोहंती ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री ओडिशा से चुनाव लड़ेंगे तो यह हमारे लिए खुशी की बात होगी। प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व को प्रस्ताव दिया था।

भाजपा के पुरी जिलाध्यक्ष प्रभारंजन मोहपात्रा ने कहा, ‘‘ मेरे ख्याल से मोदी पुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। यह इसलिए है कि क्योंकि केंद्रीय भाजपा नेतृत्व नियमित आधार पर इलाके की स्थिति की समीक्षा करता रहता है। पुरी में भगवान जगन्नाथ का मंदिर है जो हिन्दू धर्म के सबसे पवित्र मंदिरों में से एक है। गौरतलब है कि साल 2014 के चुनावो में बीजू जनता दल (बीजद) के पिनाकी मिश्रा ने पुरी से चुनाव लड़ा था जिसमें उन्हें लगभग 50 प्रतिशत वोट पड़े थे। वहीं सात में से 6 सीटें बीजद के हाथ आई और महज एक सीट भाजपा की झोली में थी।

दरअसल इसके पहले भाजपा की ओडिशा इकाई के पार्टी अध्यक्ष बसंत पांडा ने भी प्रधानमंत्री के ओडिशा से चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि भाजपा की ओडिशा इकाई ने प्रधानमंत्री के समक्ष आगामी लोक सभा चुनावों में ओडिशा के पुरी से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को लगता है कि यदि प्रधानमंत्री पुरी से खड़े होते हैं तो ओडिशा में पार्टी का प्रदर्शन शानदार होगा।

Back to Top