यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 5वीं बार रायबरेली से भरा पर्चा

देश

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रायबरेली से 5वीं बार पर्चा दाखिल कर दिया है। बता दें कि सोनिया ने नामांकन दाखिल करने से पहले पूजा और हवन भी किया। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ मौजूद रहे। सोनिया इस सीट पर 2004 से प्रतिनिधित्व करती आ रहीं हैं। इस बार उनका मुकाबला दिनेश प्रताप सिंह से है। दिनेश को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।

गांधी परिवार की परंपरा का पालन कर रहीं सोनिया
जानकारी के अनुसार 1967 से ही गांधी परिवार पूजा-पाठ करके ही कलेक्ट्रेट में नामांकन के लिए पहुंचता हैं। सोनिया भी उसी परंपरा का पालन करती आई हैं। रायबरेली सीट पर सपा-बसपा गठबंधन ने उम्मीदवार नहीं उतारा है। इस सीट पर 5वें चरण में 6 मई को मतदान होगा। सोनिया ने साल 2004, 2006 के उपचुनाव, 2009 और 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की। साल 1957 के बाद कांग्रेस ने इस सीट पर उपचुनाव सहित 19 बार जीत दर्ज की है।

कांग्रेस ने कई बार इस सीट से खाई मात
इस सीट से कांग्रेस को 1977, 1996 और 1998 में हार का सामना करना पड़ा। आपातकाल के बाद 1977 में भारतीय लोक दल के राज नारायण ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को हराया था। 1996 एवं 1998 में भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह ने इस सीट पर जीत दर्ज की। यहां से फिरोज गांधी, इंदिरा गांधी, अरुण नेहरू, शीला कौल और सतीश शर्मा चुनाव लड़ चुके हैं।

Back to Top