शास्त्रीय गायन के धनी पंडित जसराज का नाम ब्रह्मांड में हुआ रोशन..

विदेश

अपने शास्त्रीय गायन से पूरी दुनिया पर छाप छोड़ चुके पंडित जसराज का नाम अब ब्रह्मांड में भी रोशन होगा। इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन (आईएयू) ने मंगल और बृहस्पति के मध्य स्थित एक छोटे से ग्रह का नाम ‘पंडित जसराज’ के नाम पर रखा है। पद्म विभूषण गायक इस प्रकार का सम्मान पाने वाले पहले भारतीय कलाकार हैं।

यह छोटा ग्रह (माइनर प्लैनेट) 2006 वीपी 32 (नंबर-300128) है, जिसकी खोज 11 नवंबर 2006 को की गई थी। यह मंगल और बृहस्पति की कक्षाओं के मध्य भ्रमण करता है। माइनर प्लेनेट न तो ग्रह होते हैं और न ही इन्हें पूरी तरह से धूमकेतु कहा जा सकता है। पंडित जसराज की बेटी दुर्गा जसराज ने इस सम्मान के संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि, आईएयू ने 23 सितंबर को एक उद्धरण के साथ इसका आधिकारिक ऐलान किया था।

इस उद्धरण में कहा गया था कि, संगीत मार्तण्ड पंडित जसराज भारतीय शास्त्रीय गायन के पुरोधा हैं। संगीत को अपना जीवन समर्पित कर देने वाले जसराज को कई अवॉर्ड, सम्मान और उपाधियां मिल चुकी हैं। अमेरिका में मौजूद जसराज ने इस सम्मान के संबंध में कहा कि, यह मुझे ईश्वर की असीम कृपा दिखती है। यह भारत और भारतीय संगीत के लिए ईश्वर का आशीर्वाद है।

Back to Top