छत्तीसगढ़ : भाजपा ने निर्वाचित सांसदों का टिकट काटकर नए चेहरों पर लगाया दांव

छत्तीसगढ़

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की तरफ से प्रदेश की पांच सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। बता दें कि होली के मौके पर गुरुवार को जारी की गई सूची में बस्तर से बैंदूराम कश्यप, कांकेर से मोहन राम मंडावी, सरगुजा से रेणुका सिंह, जांजगीर से गुहाराम अदगले और रायगढ़ से गोमती साय को उम्मीदवार बनाया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है की सभी निर्वाचित सांसदों को टिकट काटकर नए चेहरों पर दांव लगाया गया है।

नए चेहरों के साथ लोकसभा चुनाव में उतरेगी पार्टी
गौरतलब है कि भाजपा के प्रभारी महासचिव डॉ. अनिल जैन ने मंगलवार को कहा था कि राज्य में पार्टी के सभी सांसदों के टिकट काट दिए गए हैं। पार्टी नए चेहरों के साथ लोकसभा चुनाव में उतरेगी। छत्तीसगढ़ के लिए बने नए मापदंड में मौजूदा सांसदों व उनके परिवार के सदस्यों के साथ ही हारे हुए विधायकों को भी टिकट नहीं दिया जाएगा।

रमन सिंह ने स्पष्ट की स्थिति
डॉ. जैन के इस वक्तव्य के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी इस बात को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी थी। इससे पहले छत्तीसगढ़ से भेजे पैनल में ज्यादातर पुराने चेहरे थे। जिसके बाद रविवार को हुई कोर ग्रुप की बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के नेताओं से पूछा था- क्या इस तरह के फॉर्मूले पर विचार किया जा सकता है।

भाजपा ने तय किए पांच उम्मीदवारों के नाम
छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम तय किए गए हैं, उनमें पूर्व विधायक-सांसद-मंत्री और रामकथा गायक भी शामिल हैं। बस्तर से भाजपा ने जिलाध्यक्ष बैदूराम कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। केशलूर विधानसभा से बैदूराम पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। दूसरी बार चित्रकूट से चुने गए और बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और बस्तर जिला पंचायत के सदस्य रह चुके हैं।

मोहन राम मंडावी उतरे मैदान में
कांकेर लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाए गए मोहन राम मंडावी वर्तमान में छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग के सदस्य हैं। धार्मिक और सामाजिक सेवा में सक्रिय मोहन मंडावी आरएसएस से जुड़े हुए हैं और प्रसिद्ध रामकथा मानस गायक भी हैं। जबकि रायगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाई गईं गोमती साय पूर्व में पार्टी की मंडल अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे जशपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं।

पूर्व मंत्री रेणुका सिंह पर लगाया दांव
भाजपा ने सरगुजा लोकसभा से पूर्व मंत्री रेणुका सिंह पर फिर दांव लगाया है। वे प्रेमनगर से दो बार विधायक रह चुकी हैं। इसके अलावा वर्ष 2003 से 2005 तक महिला बाल विकास मंत्री रहीं और 2005 से 2013 तक सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। भाजपा का गढ़ रही जांजगीर चांपा सीट से पूर्व सांसद गुहाराम अजगले को उम्मीदवार बनाया गया है। वे अविभाजित सारंगढ़ लोकसभा सीट से सांसद चुने जा चुके हैं और फिलहाल प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं।

पहली सूची में 184 उम्मीदवारों के नाम
भाजपा ने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें 184 उम्मीदवारों के नाम हैं। लिस्ट में केरल के 14, बिहार के 17, महाराष्ट्र के 21 उम्मीदवारों के नाम हैं। वहीं असम, उत्तराखंड, त्रिपुरा की सभी सीटों, छत्तीसगढ़ की 5, उत्तर प्रदेश की 30, आंध्रप्रदेश की 25 और तेलंगाना की 17 सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया है।

Back to Top