साध्वी प्रज्ञा को भोपाल से बीजेपी ने दिया टिकट

मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह को भोपाल सीट पर घेरने के लिए भाजपा साध्वी प्रज्ञा पर दांव खेल दिया है। साध्वी प्रज्ञा के नाम पर राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश स्तर तक सहमति दी जा चुकी है। इनके नाम की आधिकारिक घोषणा आज हो गई है। थोड़ी देर पहले ही साध्वी प्रज्ञा भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंची हैं।

मालेगांव ब्लास्ट के बाद सुर्खियों में आईं साध्वी प्रज्ञा
साध्वी प्रज्ञा मालेगांव ब्लास्ट के बाद सुर्खियों में आई थीं। जिसके बाद उन्हें लंबी कानूनी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा था। प्रज्ञा की उम्मीदवारी को लेकर पार्टी ने भोपाल के स्थानीय नेताओं को सूचना भी दे दी है। बताया जा रहा है कि साध्वी प्रज्ञा के नाम पर सहमति बनाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अहम भूमिका निभाई। इसके लिए संघ ने पहले प्रदेश स्तर के सभी नेताओं को साधा।

भोपाल सीट से ये नाम रहे चर्चा में
इसी के साथ भोपाल सीट से शिवराज सिंह चौहान, उमा भारती, नरेंद्र सिंह तोमर, आलोक शर्मा और वीडी शर्मा का नाम भी प्रत्याशी के रूप में चर्चा में रहा था। बता दें की भोपाल लोकसभा सीट पर 12 मई को मतदान होना है। इस सीट से वर्तमान सांसद भाजपा के आलोक संजर हैं। इसे भाजपा का गढ़ माना जाता है। 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के चुनाव लड़ने की चर्चा थी। लेकिन, बाद में आडवाणी ने गांधीनगर सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा।

Back to Top