बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के लिए मैं सौरभ को दिल से बधाई देता हूं : शास्त्री

खेल

टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री का मानना है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष के पद पर सौरभ गांगुली की नियुक्ति भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने की दिशा में एक उचित कदम है। शास्त्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि, बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के लिए मैं सौरभ को दिल से बधाई देता हूं। उनकी नियुक्ति भारतीय क्रिकेट को सही दिशा में आगे ले जाने के लिए एक अच्छा संकेत है।

शास्त्री ने कहा कि, वह हमेशा से ही एक स्वाभाविक नेता रहे हैं। उनके जैसा व्यक्ति इस पद के लिए उचित है। उन्होंने इससे पहले बंगाल क्रिकेट संघ को भी चार-पांच वर्ष तक बतौर अध्यक्ष अपनी सेवाएं दी हैं। अब BCCI के अध्यक्ष के रूप में उनका चयन होना भारतीय क्रिकेट के लिए उचित कदम है। हेड कोच ने इसके साथ ही कहा है कि, भारतीय क्रिकेट बोर्ड के लिए ये वक़्त बड़ा परेशानी भरा था। उनको बीसीसीआइ को फिर से विशाल बनाने के लिए काफी मेहनत करनी होगी।

शास्त्री ने साथ ही महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर उन पर सवाल खड़े करने वालों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि, "धोनी पर बोलने वालों में से आधे लोग अपने जूतों के फीते तक ठीक से नहीं बांध सकते। देखिए कि उन्होंने देश के लिए क्या उपलब्धियां प्राप्त की हैं। लोग इतनी जल्दी में क्यों हैं कि धोनी अब संन्यास ले लें? शायद उनके पास बात करने के लिए कोई और मसला नहीं है।

Back to Top