साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने किया ऐलान, अपनी पूरी तनख्वाह जरूरतमंदों और गरीब लोगों पर करेंगी खर्च

मध्यप्रदेश

सियासत में कदम रखने के बाद से ही अपने विवादित बयानों के चलते सुर्ख़ियों में रहने वाली साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बतौर सांसद ऐलान किया है कि वह अपनी पूरी तनख्वाह जरूरतमंदों और गरीब लोगों पर खर्च करेंगी। दरअसल, साध्वी प्रज्ञा भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए पहुंची थीं, जहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बच्ची का उपचार भी करवाया।

साध्वी प्रज्ञा ने किया ऐलान
इस दौरान साध्वी प्रज्ञा ने ऐलान किया कि वह अब से बतौर सांसद मिलने वाली अपनी पूरी तनख्वाह गरीब और जरूरतमंद लोगों पर खर्च करेंगी। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि मैंने निश्चय किया है कि अब से बतौर सांसद मिलने वाले वेतन को मैं खुद पर नहीं बल्कि जरूरतमंदों पर खर्च करूंगी। इसीलिए मैंने अपने वेतन से अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद बच्ची के उपचार के लिए इंजेस्शन खरीदने को कहा है।

बच्ची के परिजनों के मुताबिक
वहीं बच्ची के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी काफी लंबे समय से जापानी बुखार से जूझ रही है, किन्तु उनके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह बच्ची की इस गंभीर बीमारी का उपचार करा सकें क्योंकि बच्ची को जो इंजेक्शन लगने हैं वो बहुत महंगे हैं। इसलिए वह लाचार हैं। आपको बता दें बच्ची को जो इंजेक्शन लगने हैं उनकी कीमत लगभग 7000 रुपये है और बच्ची को इसी मूल्य के 8 इंजेक्शन लगने हैं।

Back to Top