छतरपुर खरीदी केंद्रों में रखा हजारों क्विटंल गेंहू भींगा, लापरवाही के चलते सरकार को हुआ नुकसान

व्यापार

छतरपुर में अचानक मौसम के बदलने से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे खरीदी केंद्रों में रखा हुआ हजारों क्विटंल गेंहू भींग गया। इसमें प्रशासनिक लापरवाही खुलकर सामने आयी क्योंकि खरीदी केंद्रों में कई दिनों से गेंहू खरीदा हुआ रखा है लेकिन अभी तक परिवहन नहीं किया गया। जिस कारण आज बेमौसम हुई बारिश में गेंहू भींग गया। जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक नुकसान झमटुली खरीदी केंद्र पर हुआ।

गेंहू का परिवहन न किये जाने से नुकसान
जानकारी के अनुसार केंद्र प्रभारी ने बताया कि नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा गेंहू का परिवहन न किये जाने से यह नुकसान हुआ है। यह अकेले एक केंद्र की समस्या नहीं है बल्कि पूरे जिले के खरीदी केंद्रों की समस्या है। परिवहन में लापरवाही के चलते ही सरकार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। गढीमलहरा क्षेत्र के कुर्राहा, ऊजरा सहित कई ग्रामों में भी बिन मौसम बारिश होने से खरीदी केंद्रों में रखा हुआ गेंहू भीग गया।

300 लाख टन से ज्यादा गेहूं खरीद
इसी के साथ देशभर में सरकारी एजेंसियां चालू रबी विपणन वर्ष में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 300 लाख टन से ज्यादा गेहूं खरीद चुकी हैं। भारतीय खाद्य निगम ने सोमवार को कहा कि देशभर में 300.91 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।

Back to Top