दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी की पहली तस्वीर

बाॅलीवुड़

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह अब पति-पत्नी हैं। लंबे रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने बुधवार को परिवार और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में इटली के लेक कोमो में शादी कर ली। इस मौके की कुछ तस्वीरें अब सामने आई हैं।

मीडिया को इवेंट से इस कदर दूर रखा गया था कि एक तस्वीर तक किसी के हाथ नहीं आई। दो तस्वीरें जारी हुई हैं... एक कोंकणी शादी की और दूसरी उत्तर भारतीय सिंधी शादी की।

बता दें कि इससे पहले सोनम कपूर-आनंद आहूजा और अनुष्का और विराट कोहली ने भी शादी की थी। रणवीर और दीपिका की डेस्टिनेशन वेडिंग ट्रेंडिंग टॉपिक है। शुभचिंतक और प्रशंसक दोनों सितारों को शुभकामनाएं दे रहे हैं। बुधवार यानी 14 नवंबर को दोपहर दो बजे से 4.45 के बीच कोंकणी रीति-रिवाज से मंत्रोच्चार के बीच दोनों सितारों ने शादी की। पारंपरिक रिवाज के मुताबिक वर और वधू को चार फेरे लेने होते हैं। दीपिका मूल रूप से कोंकणी हैं। इस जोड़े ने सिंधी रीति रिवाज से भी शादी की। रणवीर सिंह मुंबई के सिंधी परिवार से हैं। दोनों के लिए शादी का जोड़ा मशहूर फैशन डिजायनर सब्यसाची ने तैयार किया था।

कैसा था विवाह स्थल

विवाह स्थल यानी विला तक मेहमानों को याट से पहुंचाया गया। विवाह स्थल करीब 700 साल पुराना एक म्यूजियम है। इस वजह से यहां ठहरने के कमरे नहीं हैं। विला को सफेद गुलाब और वाटर लिली से सजाया गया। दीपिका को वाटर लिली के फूल बहुत पसंद हैं।

40 मेहमान हुए शामिल, मोबाइल की इजाजत नहीं

विवाह समारोह में दोनों ओर से करीब 40 मेहमान शामिल हुए। इनमें दोनों परिवारों के सदस्यों के अलावा बॉलीवुड से करण जौहर शामिल हुए। शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली भी वहां पहुंचे हैं। सभी की कलाइयों में शादी का बैंड बांधा गया। मीडिया को समारोह से पूरी तरह से दूर रखा गया है। शादी में शामिल होने वाले मेहमानों को मोबाइल तक लाने की इजाजत नहीं दी गई।

एक दिन का किराया 24 लाख

जहां मेहमान ठहरे हैं, उस जगह एक कमरे का न्यूनतम किराया 400 यूरो (करीब 33,000 रुपए) है। वहां 75 कमरे हैं। इस हिसाब से दीपिका-रणवीर रोजाना किराये के रूप में 24,75,000 रुपए खर्च कर रहे हैं। एक हफ्ते में दोनों करीब 1.73 करोड़ रुपए किराए में खर्च करेंगे।

मेहंदी में भावुक हुईं दीपिका

विवाह समारोह मंगलवार से शुरू हुए थे। मंगलवार को मेहंदी और संगीत समारोह हुए थे। दीपिका अपनी मेहंदी सेरेमनी में काफी भावुक हो गईं थीं। उनकी आंखों में आंसू थे। पार्टी में रणवीर सिंह ने दीपिका के लिए फिल्म गुंडे का गाना 'तूने मारी एंट्री' और 'ओ हसीना जुल्फों वाली' गाना पेश किया।

विवाह स्थल का बीमा

सरकारी बीमा कंपनी ओरिएंटल इंश्योरेंस (ओआईसी) ने विवाह स्थल का बीमा किया है। इसके तहत पांच दिनों (12-16) तक विवाह स्थल पर चोरी, विस्फोट, विमान दुर्घटना, भूकंप, पानी, बाढ़, तूफान और आग से हुई क्षति को कवर किया जाएगा।

बेंगलुरु और मुंबई में होंगे रिसेप्शन

शुक्रवार 16 नवंबर को विवाहित जोड़ी स्वदेश लौटेगी। यहां बेंगलुरु और मुंबई में दो रिसेप्शन आयोजित किए जाएंगे। 21 नवंबर को बेंगलुरु का रिसेप्शन दीपिका पादुकोण की ओर से होगा। इसमें उनके करीबी मित्र शामिल होंगे। इसके बाद 28 नवंबर को मुंबई में होने वाले रिसेप्शन में बॉलीवुड सितारों की रौनक होगी।

बधाइयों का तांता

शादी की खबर सार्वजनिक होते ही सोशल मीडिया पर नवविवाहित जोड़े को बधाई देने वालों का तांता लग गया। बॉलीवुड से लगभग सभी दिग्गज हस्तियों ने दोनों को बधाई संदेश भेजे।

Back to Top