गन्ने की जगह स्टीविया की खेती बन सकती है मिठास का नया विकल्प

छत्तीसगढ़

रायपुर। शक्कर उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में गन्ने की खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कई शक्कर कारखाने भी स्थापित हुए, लेकिन पानी की कमी और अधिक रकबा उपयोग होने की वजह से योजना सफल नहीं हो पा रही है। ऐसे में स्टीविया की खेती छत्तीसगढ़ में मिठास का नया विकल्प बन सकती है। एक रिपोर्ट के अनुसार यदि गन्ने की जगह वैकल्पिक तौर पर स्टीविया की खेती की जाए तो करीब 4.17 मिलियन हेक्टेयर भूमि अन्य फसलों के काम आ सकती है। साथ ही सिंचाई जल की भी बड़ी बचत होगी, क्योंकि स्टीविया के उत्पादन में गन्ने के मुकाबले सिर्फ 1 फीसद पानी की जरूरत होती है। राज्य सरकार ने खाद्य व पेय पदार्थ में स्टीविया के प्रयोग की अनुमती दे दी है और इसी के साथ राज्य के कोंडागांव में देश का पहला स्टीविया शुगर प्लांट भी स्थापित हो रहा है।

प्रायोगिक तौर पर शुरू की गई स्टीविया (मीठी तुलसी) की खेती ने यहां के किसानों को अब अंतरराष्ट्रीय पहचान भी दिला रही है। दरअसल, कोंडागांव के 400 किसानों ने मां दंतेश्वरी हर्बल समूह बनाकर स्टीविया की खेती शुरू की। किसानों के इस अनोखे प्रयोग को अब भारत सरकार के उपक्रम सीएसआइआर (काउंसिल ऑफ सांइटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च) ने भी मान्यता दे दी है। बहुत जल्द पालमपुर स्थित हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान के सहयोग से कोंडागांव में मीठी तुलसी की पत्ती से शक्कर बनाने का निजी कारखाना भी शुरू होने जा रहा है। यह देश का ऐसा पहला कारखाना होगा जहां मीठी तुलसी से शुगर फ्री शक्कर बनेगी। मां दंतेश्वरी हर्बल समूह से जुड़े राजाराम त्रिपाठी बताते हैं कि अब छत्तीसगढ़ के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा के भी किसान इस समूह से जुड़ने लगे हैं।

बस्तर में एक हजार एकड़ में इसकी औषधीय खेती की जा रही है। इसकी मार्केटिंग के लिए किसानों ने मां दंतेश्वरी हर्बल समूह का गठन किया है। यह समूह किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध करने का भी काम कर रहा है। बस्तर के स्टीविया की मांग दूसरे कई देशों में भी बढ़ रही है। कई विदेशी कंपनियां स्टीविया का इस्तेमाल दवा बनाने के लिए कर रही हैं।

 

Back to Top